ABC News: कानपुर में ईदगाह से ब्रह्मनगर चौराहा जाने वाली सड़क काफी खतरनाक हो चुकी है. यहां पर एक बार फिर डॉट नाला धंसक गया. सड़क किनारे डॉट नाला धंसकने की वजह से यहां पर आधा दर्जन से ज्यादा घरों के सामने खतरा पैदा हो गया है. नगर निगम ने इन मकानों को नोटिस जारी कर खाली करने को कहा है, जिससे किसी तरह की जनहानि न होने पाए.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम अधिकारी नोटिस चिपकाने और गड्ढे के आसपास बैरीकेडिंग कर अब झांकने नहीं आ रहे हैं. आपको बता दें कि एक दिन पहले ईदगाह चौराहे से ब्रह्मनगर जाने वाली सड़क धंस गई थी. बताया जा रहा है कि यहां पर डॉट नाला एक बार फिर धंस गया है. जिसकी वजह से सड़क का बड़ा हिस्सा डैमेज हो गया.
सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से यहां के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है. इसके चलते यहां पर तीन दर्जन से अधिक दुकानों को भी बंद करा दिया गया है. जिस स्थान पर डॉट नाला धंसा है, इसी से जरा सी दूरी पर कुछ वर्षों पूर्व भी सड़क धंसी थी.
तब भी मरम्मत के नाम पर कई महीनों का समय लगा था. इसके अलावा ब्रह्मनगर चौराहा जाने वाली सड़क पर कई बार नाला धंसने की वज से यह सड़क भी खतरनाक हो चुकी है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्षद से लेकर विधायक और कोई अधिकारी यहां पर झांकने नहीं आया है, उन लोगों की जान आफत में फंसी है. सात घरों को खाली करने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है.

