ABC News: रेलबाजार थानाक्षेत्र के सुजातगंज इलाके में रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला,, यहां पर एक अनियंत्रित इनोवा कार ने सड़क पर जा रहे दो साइकिल सवार युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में साईकिल सवार दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि इनोवा कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. यही नहीं, कार की चपेट में आने से सड़क पर कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसकी वजह से राहगीरों मेें भी दहशत मची रही.
बताया जा रहा है कि श्यामनगर निवासी इम्तियाज अपनी कार से श्यामनगर रोड से सुजातगंज की ओर जा रहा था. सुबह करीब 7 बजे अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर चल रहे साइकिल सवार प्रशांत झा और शैलेश को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद तेज रफ्तार कार ने अन्य वाहनों में भी टक्कर मारी, जिससे राहगीरों में हड़कंप मच गया. बाद में कार सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराकर रूक गई. हादसे को देखकर यहां पर स्थानीय लोगों को मजमा लग गया. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने साईकिल सवार युवक प्रशांत और शैलेष को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल इम्तियाज की हालत गंभीर है. पुलिस का कहना है कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं.

