ABC News: कानपुर में अब स्कूल, अस्पताल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बस अड्डा व रेलवे स्टेशन स्ट्रीट डॉग्स से मुक्त होंगे. इसको लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बैठक की. बैठक में डीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की मंशा के अनुरूप इन सभी सार्वजनिक व संवेदनशील परिसरों में स्ट्रीट डॉग्स की मौजूदगी पूरी तरह नियंत्रित की जाए.

इसके लिए संबंधित संस्थानों को अपने स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं और वह नगर निगम से समन्वय बनाकर समस्या का समाधान कराएगा. नोडल अधिकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि वह इस बात को सुनिश्चित कराएगा कि इन परिसरों में स्ट्रीट डॉग्स की इंट्री न हो पाए और कहीं समस्या होती है तो नगर निगम से समन्वय स्थपित कर उसका समाधान कराएगा. उन्होंने यह भी कहा कि यह विषय केवल स्वच्छता या सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन, बच्चों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है. बैठक में नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर निगम सीमा अंतर्गत वर्तमान में लगभग 1.36 लाख स्ट्रीट डॉग दर्ज हैं. इनमें से अब तक 84 हजार से अधिक स्ट्रीट डॉग का स्टरलाइजेशन कराया जा चुका है. उन्होंने बताया कि शेष स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन की प्रक्रिया भी चरणबद्ध ढंग से जारी है, ताकि जनसंख्या नियंत्रण के साथ-साथ आक्रामकता की समस्या को भी कम किया जा सके. जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्टरलाइजेशन अभियान में पशु प्रेमियों को भी जोड़ा जाए और उन्हें प्रेरित किया जाए तथा संवेदनशील स्थानों की प्राथमिकता सूची तैयार कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए.

