ABC News: भारत के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है. क्रिकेटर ने सगाई की खूबसूरत तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर शेयर ये खुशखबरी फैंस को दी है. शेयर की गई फोटो में कपल के हाथ में इंगेजमेंट रिंग दिखाई दे रही है. फोटो शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर उनको बधाई देने वालों की लाइन लग गई है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों इस साल फरवरी के तीसरे हफ्ते में शादी कर सकते हैं.
शेयर किए गए कैप्शन में शिखर धवन ने लिखा, “एक जैसी मुस्कान से लेकर एक जैसे सपने. हमारी सगाई के लिए मिले प्यार, आशीर्वाद और हर शुभकामना के लिए शुक्रगुजार हूं, क्योंकि हमने हमेशा साथ रहने का फैसला किया है.” बता दें ये शिखर धवन की दूसरी शादी है. सोफी शाइन आयरलैंड की नागरिक हैं और फिलहाल शिखर धवन फाउंडेशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. यह फाउंडेशन शिखर धवन के स्पोर्ट्स और सोशल वेंचर्स समूह की परोपकारी शाखा है. सोफी को सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि है और वह बीते कुछ समय से धवन के प्रोफेशनल और पर्सनल सफर का अहम हिस्सा बनी हुई हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, शिखर धवन और सोफी शाइन की मुलाकात कुछ साल पहले दुबई में हुई थी. दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया. दोनों पिछले एक साल से साथ रह रहे हैं और अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं. सोफी को आईपीएल 2024 के दौरान भी पंजाब किंग्स के मैचों में शिखर के साथ देखा गया था. इस रिश्ते को लेकर पहली बार चर्चाएं तब तेज हुईं, जब शिखर धवन को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान स्टैंड्स में सोफी शाइन के साथ देखा गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी ने फैंस की जिज्ञासा और बढ़ा दी.

