ABC News: जाजमऊ थानाक्षेत्र के ताड़बगिया में मंगलवार सुबह उस समय दहशत मच गई, जब यहां पर दो परिवारों के बीच आपसी विवाद में जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान मारपीट, गाली गलौच के बाद आए नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने एक ई आटो पर गोली चलाई, जो उसकी हेडलाइट पर जाकर लगी. इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. उन्नाव के थाना गंगाघाट के अखलाक नगर निवासी मोहर्रम अली उर्फ़ राजू ने बताया कि वह अपनी मां सहदुन निशा के साथ अपनी बहन गुड़िया से मिलने तड़बगिया पहुंचे थे.
राजू के अनुसार, चार साल पहले उनकी बहन का विवाह तड़बगिया निवासी गोलू से हुआ था. आरोप है कि चार महीने पहले बेटा होने के बाद से ही बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था. मंगलवार सुबह बहनोई गोलू और उसकी बहन ने गुड़िया की पिटाई की. इसकी सूचना मिलते ही राजू अपनी मां के साथ बहन की सहायता के लिए तड़बगिया पहुंचे. इसी बीच गोलू की बहन ने कल्लूपुरवा निवासी रामशंकर को बुलवा लिया. जो कुछ साथियों के साथ मौके पर आ धमका.
जब राजू और उनकी मां ई-रिक्शा में बैठकर जाजमऊ चौराहे की ओर जाने लगे, तभी रामशंकर पहले हथियार दिखाकर डराने लगा और फिर अचानक उसने ई-रिक्शा पर सीधे फायर कर दिया. गोली लगने से ई-रिक्शा की हेडलाइट टूट गई, लेकिन उसमें सवार राजू, उनकी मां और अन्य दो सवार बाल-बाल बच गए. सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया गया है. एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें रवाना की गई हैं.

