ABC News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा है कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इस समय मुद्दा विहीन है. केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ उन्हें कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है तभी मनरेगा की जगह विकसित भारत जीरामजी योजना को लेकर हाहाकार मचाए हुए हैं.
सीएसए एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मनरेगा योजना भ्रष्टाचार का पर्याय बनी हुई थी, इसमें कांग्रेस के कई एनजीओ भ्रष्टाचार कर रहे थे. इसीलिए वीबी जीरामजी में एनजीओ का कोई प्रावधान नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से किसानों और मजदूरों को 125 दिन रोजगार की गारंटी के साथ ही गांवों के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है. गांव में नाली, सड़क, स्कूल में लैब से लेकर खेल के मैदान बनाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण प्रतिभा को आगे बढ़ाया जा सके. गांव के विकास में किसी तरह की ओवरलैपिंग नहीं होगी. गांव में रोजगार सृजन के स्थायी केंद्र स्थापित होंगे.
इसके अलावा जिस समय किसानों के पास फसल की बुवाई आदि का काम होगा. उन 60 दिन में वह सिर्फ खेती का ही काम कर सकेंगे. इसके अलावा जो गांव विकास की मुख्य धारा से अछूते थे, वहां भी विकास होगा. सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार चुनाव के बाद से उनका मानसिक स्वास्थ्य गड़बड़ा गया है, वो 2027 के ख्वाब देख रहे हैं लेकिन 2047 तक यूपी की सत्ता के इर्दगिर्द नहीं दिखेंगे. जेएनयू में हुई नारेबाजी को लेकर कहा कि जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वह देशद्रोहियों के साथ खड़े हैं.

