ABC News: कानपुर के लघु और मध्यम उद्योग किस तरह से शेयर मार्केट में इंट्री पाएं और आईपीओ के माध्यम से उन्हें बड़ी पहचान मिले, इसके लिए एमएसएमई आईपीओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सीईओ और एमडी आशीष कुमार चौहान खुद अपनी टीम के साथ यहां पर मौजूद रहेंगे.

इसके बारे में जानकारी देते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि कानपुर के औद्योगिक स्वरूप को वापस पहचान दिलाने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं और इस सम्मेलन के माध्यम से यहां के उद्यमियों के कारोबार को उड़ान मिलेगी. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद मुंबई जाकर एनएसई के एमडी आशीष कुमार चौहान से कानपुर आने का अनुरोध किया था, जिससे यहां के लघु और सूक्ष्म उद्योग के कारोबारी यह जान सकें कि आईपीओ के मानक क्या होते हैं, शेयर मार्केट के अंदर किस तरह से वह जा सकते है, किस तरह से वह अपनी पहचान को और मजबूत कर सकते हैं. सांसद के मुताबिक, सात जनवरी को होटल लैंडमार्क में होने वाले सम्मेलन में कानपुर के अलावा प्रदेश को मिलाकर करीब 500 उद्यमियो के आने की संभावना है, जो आईपीओ को लेकर यहां पर अपनी जिज्ञासा को शांत करेंगे. सांसद ने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम के बाद कानपुर के उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा और वह आईपीओ को लेकर आकर्षित होंगे. इसके जरिए कानपुर का औद्योगिक स्वरूप भी और निखर कर सामने आएगा.

