ABC News: कानपुर में रविवार की सुबह भी कोहरे की चादर से पूरी तरह से ढकी हुई दिखी,, देर रात तक गिरे भीषण कोहरे की वजह से जहां कानपुर में दृश्यता शून्य पर रिकॉर्ड की गई. वहीं, सुबह के समय भी हालात कमोवेश रात जैसे ही नजर आए. कोहरे की वजह से आसमान से गिरतीं ओस की बूंदों से लोग बेहाल नजर आए.
कोहरे की वजह से बढ़ी गलन और ठिठुरन ने सड़कों पर ऐसा सन्नाटा पसराया कि इक्का दुक्का ही लोग नजर आए. ठंड की वजह से मॉर्निंग वॉकर अपने घरों में ही दुबके रहे. आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित करती ठंड को लेकर मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान हैं कि फिलहाल इसके तेवर इसी तरह से जारी रहेंगे और राहत की उम्मीद न के बराबर है. भीषण ठंड के तेवरों के बीच ही नए साल की अगवानी होगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ हवाओं की गति थोड़ी तेज होने पर दोपहर के समय अगर सूर्यदेव निकलते रहे तो मामूली रूप से राहत मिल सकती है.
इन सबके बीच लगातार आ रही मॉइश्चर फीड की वजह से आसमान में हाई क्लाउड भी बने हुए हैं, जिससे रविवार का दिन कोल्ड डे के रूप में बीता. ठिठुरन के बीच जो लोग सड़क पर निकल भी रहे हैं, वह भी गर्म कपड़ोें से पूरी तरह से लदे हुए नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 7.5 डिग्री कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

