ABC News: गोविंदनगर थानाक्षेत्र के गुजैनी में शादी के एक साल के भीतर पति ने पत्नी की नृशंस हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बीते छह महीने से पति–पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव चल रहा था. 21 नवंबर को दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिस पर पति ने जलाकर मारने का प्रयास किया था. पीड़िता ने पति और सास के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करायी थी. इस घटना के बाद दोनों अलग रह रहे थे.
मूल रूप से रेऊना की रहने वाली रोशनी की शादी गुजैनी एफ ब्लॉक में रहने वाले संजय से हुई थी. परिजनों के अनुसार, संजय
गड़रियन पुरवा स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था. महिला के परिजनों के अनुसार, संजय की यह दूसरी शादी थी. उसकी पहली पत्नी ने सुसाइड कर लिया था. संजय की एक 12 साल की बेटी भी है. शादी के कुछ समय बाद ही पति–पत्नी के बीच छोटी–छोटी बातों को लेकर झगड़ा होने लगा था. जिस पर परिजनों ने कई बार समझौता भी कराया था. बीती 21 नवंबर को झगड़ा होने के बाद संजय ने बहन को जलाकर मारने का प्रयास किया था, जिस पर संजय व उसकी मां इंदिरा देवी के खिलाफ गोविंद नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था.
मुकदमा दर्ज होने के बाद संजय अपनी बेटी और मां को लेकर अलग रह रहा था. रोशनी यहां पर अपने भाई राहुल के साथ रह रही थी. मंगलवार को संजय ने पत्नी से समझौता करने की बात कहकर राहुल को घर से जाने को भी कहा था. एक दिन पहले जब राहुल आया तो घर पर ताला लगा था. इसके बाद शनिवार सुबह जब वह घर पहुंचा तो भी अंदर से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं हुई. पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने संजय को घर पर ताला बंद कर जाते हुए देखा था. इस पर राहुल ने गोविंदनगर पुलिस को सूचना दी. गोविंदनगर पुलिस जब ताला तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हुई तो पहली मंजिल पर स्थित कमरे में रोशनी का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था.
रोशनी के चेहरे पर घाव थे, पास ही पड़े तवा और बेलन पर खून के निशान थे. हत्या की जानकारी पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटना के बाद से पति फरार चल रहा है. डीसीपी साउथ ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी संजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही उसकी तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं

