ABC News: बर्रा में साझेदार की धोखाधड़ी से परेशान होकर एक कारोबारी ने दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर मफलर से फंदा लगा आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने सात बार अपने हाथ की नस काटी थी. एलएलआर अस्पताल से स्टाफ नर्स पत्नी जब घर पहुंची तो दूसरी मंजिल पर पति का शव देखकर पत्नी ने शोर मचाया. सुसाइड नोट में युवक ने खुद की मौत का जिम्मेदार साझेदार दिव्येंद्र सचान को बताया है.

बताया जा रहा है कि बर्रा विश्व बैंक डी ब्लाक निवासी ओमेंद्र सिंह दामोदर नगर निवासी दिव्येंद्र सचान के साथ करीब छह सालों से सोलर पैनल रूफटाप फिटिंग का व्यापार करते थे. परिवार में मां रामवती, पत्नी अंजना, दो बेटे हैं. अंजना एलएलआर अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है. नोएडा की मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत छोटे भाई उदय सिंह ने बताया कि पिछले करीब एक साल से बिजनेस पार्टनर दिव्येंद्र बड़े भाई के साथ धोखाधड़ी कर रहा था. जिसकी जानकारी होने पर छोटे भाई का दिव्येंद्र से विवाद हो गया था, जिसके बाद से ओमेंद्र काफी तनाव में रहते थे. उदय सिंह ने बताया कि सोमवार शाम मां भतीजे घर की पहली मंजिल में थे, जिसके बाद छोटे भाई ने दूसरी मंजिल स्थित कमरे में पंखे से मफलर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. रात में जब उसकी पत्नी घर पहुंची और उपर जाकर देखा तो उनका शव लटकता मिला. उसके हाथ की कलाई में सात बार चाकू से वार किया गया था, जिससे खून निकल रहा था. परिजनों की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट के साथ खून से सना चाकू भी बरामद किया. इसके बाद पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर बिजनेस पार्टनर के घर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, बिजनेस पार्टनर की तलाश की जा रही है. वहीं जो सुसाइड नोट बरामद हुआ, उसमें मृतक ने खुद को सीएम योगी का प्रशंसक बताया.

