ABC News: बिल्हौर के अरौल थानाक्षेत्र में रविवार देर रात घने कोहरे के कारण दो बाइकों में भीषण टक्कर हो गई. हादसा अरौल थाना के पिहानी गांव में कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ, जिसमें दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. मृतकों की पहचान पिहानी गांव निवासी रितिक चतुर्वेदी और रौनक उर्फ बाबी के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि रितिक, रौनक और नमन गौतम कन्नौज के तेरामल्लू गांव से एक ही बाइक पर सवार होकर रात करीब 11 बजे अपने गांव लौट रहे थे. पिहानी-तेरामल्लू रोड पर गांव के नजदीक कोल्ड स्टोरेज के पास घने कोहरे के कारण उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. दूसरी बाइक पर कोल्ड स्टोरेज का पल्लेदार सनोज अपने दो अन्य साथियों के साथ सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें सड़क पर दूर जा गिरीं. हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. राहगीरों की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत कन्नौज जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने रितिक चतुर्वेदी और रौनक उर्फ बाबी को मृत घोषित कर दिया.अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है.

