ABC News: कोहरे के कहर और शीतलहर से ठिठुर रहे कानपुर में नए साल तक राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 24 घंटे के बाद से पछुआ हवाएं अपना असर दिखाएंगी, जिससे दिन में भी शीतलहर लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर सकती है. पछुआ हवाओं की वजह से कोल्ड डे होने का भी अनुमान जाहिर किया गया है. इन सबके बीच, रविवार को भी न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि कानपुर और आसपास फिलहाल न्यूनतम तापमान छह डिग्री के आसपास बना हुआ है. सुबह कोहरे, धुंध के बाद दोपहर तक हल्की धूप के दर्शन हो रहे हैं लेकिन 24 घंटे के बाद पछुआ हवाओं की रफ्तार तेज हो जाएगी, जिससे धूप के साथ बादलों की भी आवाजाही बनी रहेगी. ऐसे में उन्होंने सलाह दी है कि अगर जरूरत नहीं है तो सुबह और शाम को यात्रा से लेकर मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक को स्थगित ही रखा जाए. क्योंकि नमी के कारण कानपुर में प्रदूषण भी अपने चरम स्तर तक पहुंच रहा है. ऐसे में घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने की भी उन्होेंने सलाह दी है.

सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक स्कूल, एडवाइजरी जारी
ठंड के तेवरों को देखते हुए नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों का समय बदला गया है. डीएम ने सभी स्कूलों का समय सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक करने का निर्देश दिया है. सोमवार से सभी स्कूल बदले हुए समय से खुलेंगे. इसके अलावा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी भी जारी की है. इसमें मौसम की नियमित जानकारी लेने के अलावा ठंड से बचने के लिए कोयले की अंगीठी, मिट्टी तेल का चूल्हा, हीटर या ब्लोवर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बतरने और कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखने को कहा गया है. ज्यादा ठंड की स्थिति में बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर ही रहने को कहा गया है. इसके अलावा पोषक पदार्थ और गर्म पेय पदार्थों का भी सेवन करने को कहा गया है. डीएम ने हाइपोथर्मिया के लक्षणों पर भी ध्यान दिलाया. उन्होंने बताया कि शरीर का असामान्य तापमान, भ्रम या स्मृति हानि, बेहोशी, अत्यधिक ठिठुरन, सुस्ती, थकान या तुतलाहट जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें. इसी तरह शीतदंश की स्थिति में हाथ-पैर की उंगलियों, कान या नाक का सुन्न पड़ना अथवा सफेद या पीले रंग के दाग उभरने पर भी तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें. एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि आसपास अकेले रहने वाले पड़ोसियों, विशेषकर बुजुर्गों की जानकारी रखें और किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें.

