ABC News: कानपुर की नरवल तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया. युवक ने पुलिस पर शिकायतों पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया. इससे तहसील सभागार के अंदर हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अफसरों ने युवक को पकड़ा.
इस दौरान युवक डीएम के सामने चिल्ला चिल्लाकर यही कहता रहा कि उसकी कोई सुन नहीं रहा है. नर्वल एसओ भी नहीं सुन रहे हैं और वह अपनी मां के साथ न्याय के लिए भटक रहा है. बताया जा रहा है कि घटना करबिगवां साढ़ गांव निवासी रानी सिंह के बेटे बउवन से जुड़ी है.आरोप है कि गांव के ही सत्येंद्र, अभय सिंह और अखिलेश सिंह ने उनके घर की नाली तोड़कर बंद कर दी है. नाली बंद होने के कारण उनके कच्चे मकान में पानी भर रहा है, जिससे मकान गिरने का खतरा बना हुआ है. पीड़िता का कहना है कि जब भी वह नाली को ठीक कराती हैं, आरोपी उसे दोबारा बंद कर देते हैं और धमकी देते हैं. आरोप है कि आरोपी यह कहते हैं कि उनका बेटा फौज में है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता. इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने नरवल थाना और तहसील में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
शिकायतों पर सुनवाई न होने से आहत होकर समाधान दिवस के दौरान बउवन ने जिलाधिकारी के सामने आत्मदाह का प्रयास किया प्रशासन ने युवक को सुरक्षित बचा लिया है.इसके बाद यहां पर डीएम और डीसीपी ने युवक की बात सुनकर जांच कराकर एक्शन लेने का भरोसा दिलाया.

