ABC News: देश के करोड़ों रेल यात्रियों के लिए एक बहुत अच्छी खबर आ रही है. अब यात्रियों को ट्रेन के डिपार्चर टाइम से 10 घंटे पहले ही मालूम चल जाएगा कि ट्रेन में उनकी सीट कन्फर्म हुई या नहीं हुई. अगर यात्री की सीट कन्फर्म नहीं हुई और वेटिंग में ही रह गई तो उन्हें यात्रा शुरू होने से 10 घंटे पहले ही इसकी जानकारी मिल जाएगी और वे किसी दूसरे विकल्प पर विचार कर सकेंगे. दरअसल, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नए चार्टिंग सिस्टम को लागू किया है. अब ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट यात्रा शुरू होने के समय से 10 घंटे पहले ही तैयार कर लिया जाएगा ताकि यात्रियों को समय रहते ही रिजर्वेशन स्टेटस पता चल सके.

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट पहले से तय समय पर तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों को समय रहते अपनी सीट की स्थिति पता चल सके. अभी तक कई बार ऐसा होता था कि ट्रेन चलने के बिल्कुल पास चार्ट बनता था. इससे यात्रियों को यह समझ नहीं आ पाता था कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं. खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों और रात में चलने वाली ट्रेनों के यात्रियों को काफी परेशानी होती थी. कई लोग आखिरी समय में ही सफर या रद्द करने का फैसला ले पाते थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेलवे के नए नियमों के अनुसार, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब पिछली रात 8 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा. वहीं दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे के बीच और आधी रात से सुबह 5 बजे तक चलने वाली ट्रेनों के लिए चार्ट प्रस्थान से लगभग 10 घंटे पहले बनाया जाएगा. इससे पहले तक रेलवे रिजर्वेशन चार्ट सिर्फ 4 घंटे पहले तैयार करता था. रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला पूरी तरह यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. खासकर उन यात्रियों के लिए यह अहम है जो छोटे शहरों या ग्रामीण इलाकों से लंबी दूरी तय कर स्टेशन पहुंचते हैं. अब उन्हें आखिरी समय तक इंतजार करने की मजबूरी नहीं होगी और अनावश्यक भागदौड़ से भी बचा जा सकेगा.

