ABC News: घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेटरों के लिए सख्त रुख अपनाया है. बोर्ड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलना अनिवार्य होगा. यह टूर्नामेंट 24 दिसंबर से शुरू हो रहा है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच और 11 जनवरी 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के बीच करीब तीन हफ्ते का अंतर है.

इसी अवधि का उपयोग करते हुए बीसीसीआई अपने सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से जोड़े रखना चाहता है. अजीत अगरकर की अगुआई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने यह निर्देश खिलाड़ियों तक पहुंचा दिया है. यह फैसला ऑस्ट्रेलिया में हुए टेस्ट सीरीज के खराब प्रदर्शन के बाद किए गए रिव्यू का हिस्सा है, जिसमें सभी फॉर्मेट्स में घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने की सिफारिश की गई थी. रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही अपनी उपलब्धता की जानकारी दे चुके हैं. इसके अलावा शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों को भी अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए कम से कम दो मैच खेलने के लिए कहा गया है. केवल श्रेयस अय्यर फिटनेस कारणों से फिलहाल इससे बाहर रह सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विजय हजारे ट्रॉफी में कुल छह राउंड होंगे और खिलाड़ी और राज्य संघ यह तय कर सकते हैं कि वो किन दो राउंड में खेलेंगे. हालांकि, यह भी साफ कर दिया गया है कि हजारे ट्रॉफी खेलना अब वैकल्पिक नहीं है. केवल वही खिलाड़ी छूट पा सकते हैं जिन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनफिट घोषित करे. इस बीच जसप्रीत बुमराह तीसरे टी20 मैच से पहले निजी कारणों से घर वापस लौट गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, उनके एक बेहद करीबी पारिवारिक सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं. हालात सुधरने पर बुमराह चौथे या पांचवें टी20 मैच के लिए टीम से जुड़ सकते हैं.

