ABC News: कल्याणपुर ब्लॉक के मंधना स्थित लोधर में बंद पड़े आयुष्मान आरोग्य मंदिर को लेकर डीएम ने नाराजगी जाहिर की है. दरअसल, डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह शनिवार को मंधना के लोधर में एक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होेने गए थे, इसी दौरान उनकी नजर यहां पर बंद पड़े आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर पड़ी.

डीएम ने जब ग्रामीणों से बातचीत की तो पता चला कि यह केंद्र दो महीने से बंद पड़ा है. यहां पर जो सीएचओ तैनात थीं, करीब दो माह पहले उनके पति का निधन हो गया था. जिसके बाद से वह ड्यूटी पर नहीं आ रही हैं. इस पर डीएम ने सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को मौके पर तलब कर लिया और आयुष्मान आरोग्य मंदिर को चलाने के निर्देश दिए. दो महीने से केंद्र बंद रहने पर उन्होंने सीएमओ से भी नाराजगी जाहिर की. इसके साथ ही सीएमओ को निर्देश दिए कि कानपुर में जितने भी आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित हो रहे हैं, पिछले दो महीने की उपस्थिति का सत्यापन करते हुए रिपोर्ट दें. इसके अलावा नोडल अधिकारी और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी भी तय करने को कहा. इलाके के एमओआईसी ने जो लापरवाही बरती है उसकी भी जांच के निर्देश दिए गए. इसके अलावा लापरवाह सीएचओ के खिलाफ भी एक्शन को कहा है.

