ABC News: यूपी के बहराइच में रामगोपाल मिश्र हत्याकांड मामले में दोषियों को सजा सुना दी गई है. इस मामले में हत्याकांड के मुख्य दोषी सरफराज को फांसी की सजा सुनाई गई, जबकि नौ अन्य दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई. साथ ही एक-एक लाख का जुर्माना लगाया गया है.
घटना 13 अक्तूबर 2024 की है. जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रामगोपाल की हत्या कर दी गई थी. इससे पहले बुधवार को आए फैसले में अदालत ने मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद, उसके तीनों पुत्रों फहीम, सरफराज उर्फ रिंकू और तालिब उर्फ सबलू सहित 10 आरोपियों को दोषी ठहराया था. बृहस्पतिवार दोपहर बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे. केस को लेकर कचहरी परिसर में सुबह से ही गहमागहमी रही. सजा का फैसला आने से पहले कचहरी परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. स्थानीय लोग, मृतक पक्ष के परिजन और वकील लगातार कोर्ट की कार्रवाई पर नजर रखे हुए थे. सभी की निगाहें अदालत द्वारा सुनाई जाने वाली सजा पर टिकी रहीं.
जानें पूरा मामला…
रामगोपाल हत्याकांड को 14 महीने पूरे होने वाले हैं. हरदी इलाके के महाराजगंज बाजार में 13 अक्टूबर 2024 को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के समय रामगोपाल मिश्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी और कई दुकानों व घरों में आग लगा दी गई थी. हरदी पुलिस ने उसी दिन हत्या के आरोप में 13 लोगों के खिलाफ धारा 103/2 के तहत मामला दर्ज किया था. इनमें अब्दुल हमीद, उनके बेटे फहीम, सरफराज, तालिब, सैफ, जावेद खान, जिशान, ननकऊ, शोएब, मारुफ अली, खुर्शीद, अफजल और शकील शामिल थे. सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.
बीती 9 दिसंबर को दस आरोपियों को दोषी ठहराया गया.

