ABC News: क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल की शादी टूट गई है. भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने पलाश मुछाल के साथ शादी टलने के बाद चुप्पी तोड़ी है. मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा बयान जारी किया और इस बात की जानकारी दे दी है कि पलाश मुछाल के साथ उनकी शादी रद्द हो गई है. मालूम हो कि मंधाना और पलाश मुछाल की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी, लेकिन उसी दिन इसे टाल दिया गया था. अब मंधाना ने बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया है शादी रद्द कर दी गई है.

मंधाना ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा- पिछले कुछ हफ़्तों में मेरी जिंदगी को लेकर बहुत सारे अंदाजे लगाए जा रहे थे. मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए बोलना जरूरी है. मैं बहुत प्राइवेट इंसान हूं और मैं अपनी लाइफ को ऐसे ही रखना चाहती हूं. लेकिन मैं ये साफ कर देती हूं कि शादी कैंसिल हो गई है. आगे उन्होंने लिखा, ‘मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं. आप सभी से भी ऐसा करने की रिक्वेस्ट करती हूं. मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें. हमें आगे बढ़ने का मौका दें. मंधाना ने लिखा, मेरा मानना है कि हम सभी के पीछे एक बड़ा उद्देश्य है और मेरे लिए वह उद्देश्य हमेशा अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना रहा है. मैं उम्मीद करती हूं कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा. आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद. अब आगे बढ़ने का समय है.

अचानक टली थी शादी
मंधाना और संगीतकार पलाश की शादी के दिन मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. शादी से ठीक पहले मंधाना के मैनेजर ने इस बात की जानकारी दी थी कि मंधाना के पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाली गई है. इसके अगले ही दिन पलाश भी बीमार हो गए थे. इसके बाद से ही पलाश और मंधाना के रिश्तों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी. अब मंधाना ने स्पष्ट किया है कि शादी रद्द हो गई है.

