ABC News: गोविंदनगर पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की पांच कारें बरामद की हैं. पकड़े गए वाहन चोर चोरी की कार से बिहार में शराब की तस्करी करते थे. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पिछले दिनों गोविंदनगर से तीन कारें चोरी हुई थीं.
कार चोरी के मामले में दो टीमों का गठन कर जांच पड़ताल की जा रही है. सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि अभियुक्त कार बदल-बदलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने नालंदा, बिहार से एक अभियुक्त राजकुमार को पकड़ा. उसे कानपुर लाकर जब पूछताछ की गई तो पता चला कि वह पटना निवासी सूरज कुमार और बलिया निवासी गलगल बाबा उर्फ पवन उपाध्याय के साथ मिलकर अन्य राज्यों से शराब की तस्करी कर बिहार लाते थे, जिसमें उन्हें अलग अलग कारों की जरूरत होती थी. शराब की तस्करी के लिए कारों का इंतजाम लखनऊ के आशियाना निवासी सत्यम गुप्ता करता था.
सत्यम गुप्ता ही कारों की चोरी कर अभियुक्तों को कम दामों पर बेचता था. उसने इन लोगों से दो अन्य कारों की डील की थी. जिसकी डिलीवरी गोविंदपुरी स्टेशन के पास होनी थी. पुलिस ने पूछताछ के आधार पर इनके पास से चोरी की तीन कारों को बरामद किया. इसके अलावा घटना में शामिल दो अन्य कारें और बरामद कीं. अभियुक्त चोरी की कारों से उनकी ओरिजिनल नंबर प्लेट हटाकर दूसरी नंबर प्लेट लगाकर शराब तस्करी करते थे. इनके उपर विभिन्न राज्यों में कई मुकदमें भी दर्ज हैं.

