ABC News: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच गए हैं. वे दिल्ली में पीएम मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत-अमेरिका संबंध अमेरिकी शुल्क बढ़ोतरी के कारण खराब दौर में हैं.

दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पालम एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने स्वागत किया है. इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने एक-दूसरे को गले लगाया. इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन पीएम मोदी के साथ प्रधानमंत्री आवास जाएंगे. जहां दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी. इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन पीएम आवास में रात्रिभोज में शामिल होंगे.

गौरतलब हो कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत के दो दिन के राजकीय दौरे पर हैं. वे 5 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वीं भारत-रूस वार्षिक समिट में शामिल होंगे. कहा जा रहा है कि इस दौरान भारत और रूस के बीच कई अहम समझौते हो सकते हैं, जिसमें S-400 मिसाइल सिस्टम खरीद शामिल है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत का आखिरी दौरा 6 दिसंबर 2021 को हुआ था यानी रूस-यूक्रेन जंग के बाद पुतिन पहली बार भारत आ रह हैं.

राष्ट्रपति पुतिन का यह दौरा भारत और रूस के रणनीतिक संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रहा है. 2000 में राष्ट्रपति पुतिन और भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत की थी.

