ABC News: बर्रा विश्व बैंक में छोटे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बड़े भाई की चाकू और भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी. पड़ोसी महिला की सूचना पर जब उसकी बहन ऊपर पहुंची तो भाई को मृत देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी पड़ोसी को दबोच लिया जबकि आरोपी भाई की तलाश की जा रही है.
बताया जाता है कि बर्रा विश्वबैंक एच ब्लॉक कॉलोनी निवासी कुंदन छोटे भाई चंदन और बहन कंचन के साथ रहता था. कंचन के मुताबिक, कुंदन को आंखों से दिखाई नहीं देता था, जबकि छोटा भाई चंदन पेंटिंग का कार्य करता है. चंदन आए दिन घर में दोस्तों को लाकर शराब पीता था, जिसका बड़ा भाई कुंदन विरोध करता था. बुधवार रात चंदन घर से कुछ दूर रहने वाले दोस्त राजू चौरसिया को घर लेकर आया और फिर शराब पीने लगा. इस दौरान जब वह घर पहुंची तो चंदन उसके साथ मारपीट करने लगा. इस दौरान शोरगुल सुनकर कुंदन ने विरोध किया तो चंदन और उसके साथी ने मिलकर कुंदन पर चाकू से वार कर दिया. इसके बाद सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से प्रहार किया.
चीखपुकार सुनकर जब उसकी बहन मकान के पहले तल पर पहुंची तो दोनों आरोपी बाहर की ओर भाग गए. यहां पर कुंदन का लहूलुहान शव जमीन पर पड़ा था, इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. महिला का कहना है कि कुंदन के शव के नीचे आरोपी राजू चौरसिया का आधार कार्ड भी मिला है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी राजू चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके भाई चंदन की तलाश की जा रही है.

