ABC News: अनवरगंज पुलिस ने डी-टू गैंग के शूटर और हिस्ट्रीशीटर एजाजुद्दीन उर्फ सबलू को डिप्टी पड़ाव के पास से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. पुलिस गिरफ्त में आते ही शातिर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर डीसीपी सेंट्रल के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा और अपने छोटे छोटे बच्चों की दुहाई देने लगा. आपको बता दें कि एजाजुद्दीन उर्फ सबलू पर अगस्त के महीने में बेनाझावर में फायरिंग की गई थी, जिसमें उसकी गर्दन में गोली लगी थी.
बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियाें के साथ जेल से रहनुमा बानो से पांच लाख रुपए की रंगदारी की मांग थी. पति मो.नावेद को हिस्ट्रीशीटर के चंगुल से बचाने के लिए महिला ने सबलू के गुर्गे को एक लाख रुपए दे दिए थे. बात से मुकरने व और पैसाें की मांग पर पीड़िता ने हिस्ट्रीशीटर समेत उसके गुर्गों पर अनवरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था. इसी मामले में पिछले दिनों पुलिस ने सबलू के गुर्गे इरफान चूड़ी को गिरफ्तार कर उसका पैदल जुलूस निकाला था.
इस मामले में सबलू के साथ हिस्ट्रीशीटर शानू लफ्फाज भी नामित है. इसके अलावा जिस मामले में उसे गोली मारी गई थी, उसमें भी कंप्रोमाइज के लिए वह आरोपियों से रूपए की डिमांड कर रहा था. सबलू के खिलाफ वर्तमान में 15 मामले दर्ज हैं. रविवार को क्राइम ब्रांच और अनवरगंज पुलिस ने उसे डिप्टी पड़ाव के पास से गिरफ्तार कर लिया.

