ABC News: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली ने कमाल कर दिया. रांची में विराट ने 120 गेंद में 135 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली. इस दौरान किंग कोहली के बल्ले से 11 चौके और 7 छक्के निकले. विराट ने पुरुष वनडे क्रिकेट के इतिहास का 7000वां शतक लगाया. साथ ही किंग कोहली ने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट ने 102 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. किंग कोहली ने शतक पूरा करने के लिए 7 चौके और 5 छक्के लगाए. इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट का यह 83वां शतक है. विराट ने दमदार खेल दिखाते हुए अपने वनडे करियर में 52वीं बार 100 रनों का आंकड़ा पार किया. विराट कोहली अब एक भारतीय वेन्यू पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है. रांची में विराट ने पांच पारियों में 3 शतक लगा दिए हैं. वहीं सचिन के वडोदरा में सात पारियों में तीन शतक थे. विशाखापट्टनम में भी विराट ने तीन शतक लगाए हैं, लेकिन सात पारियों में यह कमाल किया है. किंग कोहली ने पुणे में आठ पारियों में तीन सेंचुरी लगाई हैं.

यही नहीं, कोहली के वनडे में अब 52 शतक हो गए हैं और वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली से पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने टेस्ट में 51 शतक लगाए थे, लेकिन अब कोहली उनसे आगे निकल गए हैं. कोहली 294 पारियों में इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं. कोहली वनडे प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में पहले ही सचिन को पीछे छोड़ चुके हैं. सचिन के नाम वनडे में 49 शतक है. कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है. सचिन और वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर के प्रारूप में पांच-पांच शतक लगाए हैं, जबकि कोहली इस टीम के खिलाफ वनडे में छह शतक लगा चुके हैं.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में किंग कोहली ने सात छक्के जड़े. वनडे क्रिकेट में दूसरी बार विराट ने एक मैच में 7 छक्के लगाए हैं. इससे पहले किंग कोहली ने 2013 में जयपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात छक्के जड़े थे. तब विराट ने 52 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए थे. भारत ने पहले खेलते हुए 349 रन बना दिए हैं. रांची में खेले जा रहे इस वनडे मैच में विराट कोहली (135 रन) के अलावा रोहित शर्मा और केएल राहुल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली. राहुल इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं. रोहित ने 51 गेंद में 57 और राहुल ने 56 गेंद में 60 रनों की पारी खेली. अंत में रवींद्र जडेजा ने 20 गेंद में ताबड़तोड़ 32 रन बनाए.

