ABC News: रावतपुर थानाक्षेत्र में नशेबाज पति की मारपीट से त्रस्त महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी. महिला की मौत के बाद उसके मोहल्ले वालों से लेकर साथ काम करने वाली अन्य महिलाएं काफी आक्रोशित दिखीं और पोस्टमॉर्टम हाउस में उसके पति को घेरकर खूब खरीखोटी सुनाई. इस दौरान मृतका की सहेलियों ने उसे थप्पड़ भी लगाए.
बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुरवा में रहने वाली मोनिका ने सात साल पहले रावतपुर मेें रहने वाले शुभम उर्फ रवि से लव मैरिज की थी. दोनों के एक बेटा और एक बेटी भी है. मोनिका जहां शादी समारोह में वेलकम गर्ल का काम करती थी, वहीं रवि लेदर कंपनी में काम करता है. बताया गया कि रवि नशेबाज किस्म का युवक है और वह आए दिन मोनिका और बच्चों से मारपीट करता था. यहां तक कि घर का और बच्चों का सारा खर्च मोनिका ही उठाती थी. मारपीट और प्रताड़ना से त्रस्त मोनिका ने बीती 23 नवंबर को पुलिस के पास लिखित शिकायत की थी, जिसमें रवि को पुलिस ने बुला लिया था, उसके बाद दोनों में सुलह समझौता हो गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इसके बाद शुभम ने फिर से मोनिका को बुलाया तो वह अपने बच्चों को लेकर जाने लगी, जिस पर उसकी बड़ी बहन ने बच्चों को रोक लिया.
घर पहुंचने पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और मारपीट की.इससे त्रस्त होकर मोनिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी. मोनिका की मौत के बाद यहां पर पहुंची महिलाओं ने पोस्टमॉर्टम हाउस में उसके पति को जमकर खरीखोटी सुनाई. इस दौरान, कुछ लोगों ने उसके दो थप्पड़ भी जड़ दिए. वहीं,, चर्चा इस बात की भी है कि मोनिका ने फांसी लगाते समय अपने पति को वीडियो कॉल भी की थी.

