ABC News: कानपुर में जूही राखी मंडी में एक बार फिर आग ने अपना जमकर तांडव मचाया. बुधवार भोर पहर करीब साढ़े चार बजे लगी आग ने यहां पर ऐसी दहशत फैलाई कि लोग अपने घरों को छोड़कर बाहर आ गए. बताया जा रहा है कि जूही राखी मंडी में एक प्लास्टिक कारखाने में आग लगी. इसके बाद आग अगल बगल के स्क्रैप गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया. जिसकी वजह से यहां पर रहने वाले लोगों में दहशत देखी गई.
आग की विकरालता को देखते हुए कई लोग तो अपनी गृहस्थी बचाने में जुटे रहे. आग की सूचना पर पहले लाटूश रोड फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन आग बुझती न देखकर किदवईनगर, पनकी, कर्नलगंज, मीरपुर समेत अन्य फायर स्टेशनों से करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को आग पर काबू करने के लिए बुलाया गया. इस दौरान करीब दो दर्जन कबाड़ गोदाम आग की चपेट में आ गए.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग की वजह से किसी तरह की जनहानि नहीं होने पायी. चीखपुकार के बीच यहां पर रहने वाले लोग किसी तरह अपने घरों से बाहर निकल आए. लाटूश रोड फायर स्टेशन के फायर अफसर ने बताया कि जूही राखी मंडी में लगी आग की संवेदनशीलता काफी ज्यादा थी और यह लगातार अपना दायरा बढ़ा रही थी.
दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.आपको बता दें कि जूही राखी मंडी में अवैध रूप से कबाड़ गोदाम संचालित हैं, जहां पर हर साल आग की घटनाएं होती रहती हैं, इसके बावजूद प्रशासन चेत नहीं रहा है.

