ABC News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सदाबहार ‘हीमैन’ धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. हिंदी सिनेमा के इस चमकते सितारे ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर फैंस के साथ सेलेब्रिटीज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
निर्माता करण जौहर ने धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया . उन्होंने हीमैन को श्रद्धांजलि दी है. करण ने लिखा है, ‘यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… मुख्यधारा के सिनेमा में एक हीरो का अवतार… अविश्वसनीय रूप से खूबसूरत और सबसे रहस्यमय स्क्रीन उपस्थिति… वह भारतीय सिनेमा के एक वास्तविक लीजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में परिभाषित और समृद्ध रूप से मौजूद हैं… लेकिन सबसे ज्यादा वह सबसे अच्छे इंसान थे… हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उन्हें बहुत प्यार करता था… उनके पास सभी के लिए केवल अथाह प्यार और सकारात्मकता थी. आज हमारी इंडस्ट्री में एक बड़ा खालीपन है. एक ऐसा स्थान जिसे कभी कोई नहीं भर सकता, हमेशा एकमात्र धरमजी रहेंगे. हम आपको बहुत याद करेंगे. आज स्वर्ग धन्य है. आपके साथ काम करना हमेशा मेरे लिए आशीर्वाद रहेगा .
धर्मेंद्र को इंडियन सिनेमा के इतिहास में सबसे हैंडसम और मल्टीटालेंटेड एक्टर में से एक माना जाता रहा. 1960 के दशक में अपने करियर की शुरुआत करने वाले धर्मेंद्र ने छह दशकों से ज्यादा के अपने सफर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया.
‘हीमैन’ की ये उपाधि उन्हें ‘शोले’, ‘यादों की बारात’, ‘सीता और गीता’, ‘प्रतिज्ञा’ और ‘चुपके चुपके’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्मों में उनकी दमदार एक्शन और रोमांटिक भूमिकाओं के लिए मिली थी.उन्होंने न केवल एक्शन बल्कि कॉमेडी (जैसे ‘चुपके चुपके’) और संजीदा किरदारों (जैसे ‘सत्यकाम’) में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
हाल ही में 86 साल की उम्र में करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में शबाना आजमी के साथ उनके रोमांटिक सीन ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं, जिससे साबित हुआ कि उन्होंने अपनी एक्टिंग में उम्र को कभी आड़े नहीं आने दिया.

