ABC News: जून के महीने में डॉट नाले के धंसकने की वजह से बर्बाद हुए ब्रह्मनगर चौराहा अभी बन भी नहीं पाया है कि गुरूवार को यहां से ईदगाह जाने वाली सड़क अचानक धंस गई. पहले तो स्थानीय लोगों ने डॉट नाले के धंसने की आशंका जताई लेकिन दोपहर में अधिकारियेां की तरफ से बताय गया कि डॉट नाला नहीं बल्कि किसी और वजह से यह सड़क धंसी है.
बहरहाल, ब्रह्नगर और इसके आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार धंसती सड़कें यहां पर रहने वाले लोगों को आशंकित किए हुए हैं. पिछले दिनों महापौर ने भी यहां पर लगातार धंस रहे डॉट नाले और सड़कों को लेकर नगर निगम अधिकारियों से सर्वे कराने की बात कही थी. स्थानीय पार्षद आलोक पांडेय ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे सड़क पर गड्ढा हुआ था, जिसके बाद यह और बढ़ गया. इसके बाद उन्होंने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियेां को सूचना दी.
इसके बाद ब्रह्मनगर से ईदगाह जाने वाली सड़क पर आवागमन बंद कर यहां पर जेसीबी से खुदाई शुरू कराई गई. आशंका जताई जा रही है कि पाइप लाइन लीकेज की वजह से भी यहां पर सड़क धंस सकती है.

