ABC News: कानपुर में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सजेती के अनूपुर मोड़ पर तहसील और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया. इस दौरान ओवरलोडिंग से लेकर अन्य अनियमितताओं पर 10 डंपर सीज किए गए जबकि 50 ये अधिक वाहनों का चालान किया गया.

यहां पर एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत और परिवहन विभाग से एआरटीओ प्रवर्तन कहकशा के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस फोर्स और परिवहन विभाग की टीम ने भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की. टीम ने जिन अनियमितताओं पर कार्रवाई की, उनमें बिना नंबर प्लेट के वाहन, नंबर प्लेट छिपाकर चलाना, ओवरलोडिंग, टैक्स जमा न करना, बिना तिरपाल मिनरल्स का परिवहन और प्रदूषण प्रमाणपत्र न प्रस्तुत करना आदि शामिल रहा.

अधिकारियों के अनुसार, बिना नंबर प्लेट या धुंधले/ढके हुए नंबर प्लेट वाले वाहन दुर्घटना के बाद पहचान से बच जाते थे, जिससे ‘हिट एंड रन’ की घटनाएं बढ़ रही थीं. ओवरलोडिंग से सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही थीं और दुर्घटना का जोखिम बढ़ रहा था. इस दौरान भारी वाहनों के ड्राइवरों से यातायात नियमों का पालन करने को भी कहा गया.

