ABC News: कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरों के बड़े गैंग का खुलासा किया है. अलग अलग थानाक्षेत्रों में पकड़े गए यह वाहन चोर काफी शातिर हैं और चोरी के दो पहिया वाहनों को दूसरे राज्यों से लेकर नेपाल तक बेचते थे. वाहन चोरों का यह गैंग काफी युवा है और सभी की उम्र 18 से 29 वर्ष के बीच की है. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर इनके मददगारों के बारे मेें जानने की कोशिश कर रही है.
वाहन चोरों के गैंग का खुलासा करते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रेलबाजार, फजलगंज और गोविंदनगर थाने में इस गैंग के सदस्य पकड़े गए हैं. इसमें रेलबाजार थाने में जाजमऊ निवासी सैयद फैजल, नवाबगंज निवासी मुरली निषाद, रेलबाजार निवासी फैसल, फजलगंज में मंगला विहार निवासी रेहान खान, उन्नाव निवासी काजी फैज, गोविंदनगर में बर्रा दो निवासी जगजोत सिंह, कच्ची बस्ती गोविंदनगर का जीतू, बर्रा सात निवासी शिवम शास्त्री, बर्रा चार निवासी आर्यन निषाद, मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी हर्षित सैनी, परमपुरवा कच्ची बस्ती निवासी अबरार शामिल है.
उन्होंने बताया कि गैंग के सदस्यों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. यह लोग वाहन चुराने के बाद ग्रामीण इलाकों से लेकर दूसरे राज्यों और नेपाल तक उन्हें बेचते थे. गैंग का जहां मौका मिलता था, वह पर पलक झपकते ही दो पहिया वाहन उड़ा देते थे. इनके पास से वाहन का लॉक तोड़ने का उपकरण भी बरामद हुआ है. जो 13 दो पहिया वाहन बरामद किए गए हैं, उसमें बाइक, स्कूटी से लेकर बुलेट तक शामिल हैं.

