ABC News: कानपुर मेट्रो के तेजी से होते काम के बीच अब बारादेवी से नौबस्ता के रूट पर सिग्नल लग गए हैं. मेट्रो अफसरों के अनुसार, पांच किलोमीटर के इस रूट पर कुल 5 स्टेशनों (बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता) हैं और यहां पर सिग्नल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है. गुरूवार से सिग्नलिंग प्रणाली के ‘पार्शियल एक्सेप्टेंस टेस्ट’ की शुरूआत की गई.

बताया गया कि बारादेवी से नौबस्ता तक कुल 24 सिग्नल लगाए गए हैं, जिनमें बारादेवी स्टेशन पर 8, नौबस्ता स्टेशन पर 10 तथा बीच के तीन स्टेशनों (किदवई नगर, वसंत विहार और बौद्ध नगर) पर प्रत्येक पर 2-2 सिग्नल लगाए गए हैं. सभी 5 स्टेशनों पर सिग्नल के लिए पहले इनडोर केबलिंग की गई. साथ ही ट्रेन रेडियो एक्सेस एंटीना भी स्थापित किए गए. सिग्नल इंस्टॉलेशन पूर्ण होते ही उनकी टेस्टिंग प्रक्रिया प्रारंभ की गई है. इस क्रम में पहले पिको टेस्ट के माध्यम से वायरिंग कनेक्शन की जांच की गई. इसके बाद आज ‘पार्शियल एक्सेप्टेंस टेस्ट’ प्रारंभ किया गया, जिसमें सिग्नलिंग सिस्टम से जुड़े विभिन्न उपकरणों जैसे सिग्नल, एंटीना आदि को अलग-अलग चलाकर परीक्षण किया जाता है. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘सिस्टम एक्सेप्टेंस टेस्ट’ किया जाएगा, जिसके अंतर्गत ट्रेन को इसी सिग्नलिंग सिस्टम के आधार पर संचालित कर परीक्षण किया जाएगा.
सिग्नलों के रंग और उनके अर्थ
मेट्रो ट्रैक के मेनलाइन पर लगे सिग्नलों में तीन रंगों का उपयोग किया जाता है – लाल, बैंगनी (वॉयलेट) और हरा. लाल रंग ट्रेन को रुकने का संकेत देता है. बैंगनी रंग ट्रेन को निर्धारित गति-सीमा में आगे बढ़ने की अनुमति देता है. यह संकेत तब प्रदर्शित होता है जब ट्रैक पर आगे किसी दूसरी ट्रेन की उपस्थिति या आंशिक अवरोध हो. हरा रंग आगे का रूट पूर्ण रूप से खाली होने का संकेत देता है, जिससे ट्रेन अपनी निर्धारित अधिकतम गति पर आगे बढ़ सकती है.

