ABC News: डॉ. शाहीन का कानपुर कनेक्शन जांचने के लिए पुलिस अब हर कवायद में जुटी है. मामले में किसी तरह की कोताही न हो, इसके लिए पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने एक स्पेशल टीम का गठन किया है. जोकि डॉ. शाहीन से जुड़े सारे मामलों को न केवल देखेगी बल्कि सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क करने और उनके साथ समन्वय बनाकर काम करेगी.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि जांच के अलावा जिन लोगों से पूछताछ की गई, उनकी बातों का सत्यापन भी यही टीम करेगी. उन्होंने बताया कि डॉ. शाहीन के तलाकशुदा पति से भी पुलिस ने बातचीत की है. इसके अलावा कानपुर में बांग्लादेशी, पाकिस्तानी नागरिकों और रोहिंग्या के संबंध में जो सूचनाएं मिल रही हैं, उसका भी यह टीम सत्यापन कर रही है. इसका भी काम कोर टीम देखेगी. पूरे मामले की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है. इसके अलावा रोहिंग्या और बांग्लादेशियों की जांच पड़ताल भी की जाएगी, कानपुर में जो पुराने केस हैं, उसको भी जांचने के अलावा सारी सूचनाओं का सत्यापन कराया जाएगा.

