ABC News: दिल्ली ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट पर चल रहे कानपुर में मंगलवार दोपहर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल एक बार फिर फोर्स के साथ सड़क पर उतरे. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में फुट मार्च कर लोगों के बीच सुरक्षा के एहसास को जगाया. लोगों को किसी भी अफवाह और संदिग्ध शख्स के बारे में तत्काल पुलिस को जानकारी देने को कहा गया.

इस दौरान पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल परेड, यतीमखाना, बेकनगंज समेत अन्य कई संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स के साथ घूमे और सभी को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. उन्होंने गश्त के दौरान सड़क किनारे लंबे समय से खड़ी धूल जमी कारों को देख उसे हटवाने को कहा. अगर कोई इन वाहनों को नहीं हटाता है तो उन्हें सीज करने के भी निर्देश दिए. उन्होंने गश्त शुरू करने के दौरान एक छात्रा से हाथ मिला उसका हालचाल पूछा. इसके बाद रास्तेभर में महिलाओं, पुरुषों, दुकानदारों और ठेलेवालों से खड़े वाहनों पर नजर रखने व संदिग्ध दिखने पर पुलिस को सूचना देने को कहा.

यहां पर दुकानदारों को भी सीसी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया गया. इसके अलावा भी कानपुर में पुलिस अधिकारियों ने अलग अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया, इस दौरान जिन वाहनों के शीशे पर ब्लैक फिल्म चढ़ी थी, उन सभी को उतरवाया गया,, मेट्रो स्टेशनों पर भी पुलिस अफसरों ने पहुंचकर जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

