ABC News: कानपुर में आज से मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) शुरू हो गया है. इसको लेकर गतिविधियां आज से शुरू हो गईं. बिठूर विधानसभा में मतदाताओं के बीच जाकर बीएलओ ने पत्रक का भी वितरण किया. यहां पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह भी अभियान का जायजा लिया और बूथ संख्या आठ पर बीएलओ क्षमा शर्मा के साथ मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र का वितरण किया.
इस दौरान मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के विषय में डीएम ने जानकारी भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है और बीएलओ इस जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाएँ. कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सदर अनुभव सिंह, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. जिलाधिकारी ने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि वे गणना कार्य के साथ-साथ मतदाताओं को मतदाता सूची में सुधार एवं अद्यतन की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें. गौरतलब हो कि आज से शुरू हुए वोटर लिस्ट का विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान चार दिसंबर तक चलेगा. इस एक महीने की अवधि में कानपुर की दस विधानसभाओं में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को दो गणना पत्रक देंगे. इसमें एक पत्रक पर जानकारी भरकर मतदाता उसे बीएलओ को सौंप देंगे, जबकि दूसरा पत्रक वह अपने पास रखेंगे.
बताया जा रहा है कि एक—एक घर में बीएलओ तीन बार जाएगा. उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि एसआईआर के लिए तीन हजार 620 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है. बूथ के हिसाब से बीएलओ डोर टू डोर जाकर कलेक्शन का कार्य करेंगे., आपको बता दें कि पूरे अभियान में एक जनवरी 2026 से अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण किया जाएगा. बताया गया कि विशेष सघन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत एक जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी नागरिक पंजीकरण के पात्र होंगे. इसके अलावा, प्रारूप मतदाता सूची नौ दिसम्बर को प्रकाशित होगी. दावे और आपत्तियाँ नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक प्राप्त की जाएंगी और उनका निस्तारण नौ दिसम्बर से 31 जनवरी तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची सात फरवरी को प्रकाशित होगी.

