ABC News: कानपुर आए देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि बिहार में इस विश्व का अभी तक का सबसे बड़ा शुद्धीकरण कार्यक्रम रहा है और जिस दिन 12 राज्यों में 51 करोड़ लोगों की मतदाता सूची का शुद्धीकरण होगा, तो यह एक ऐसा कार्य होगा जो भूतकाल में इस स्तर पर कभी नहीं किया होगा.
उन्होंने कहा कि जब यह कार्य पूरे देश में समाप्त होगा, तो सभी को न केवल चुनाव आयोग बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी गर्व होगा. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में सबसे बड़ी मतदाता सूची, सबसे बड़ी तकनीक आदि का प्रयोग किया गया है. बिहार चुनाव में हिंसा को लेकर उन्होेंने स्पष्ट किया कि इसको लेकर चुनाव आयोग जीरो टॉलरेंस की नीति पर है, हिंसा किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं है, मतदाता शांतिपूर्वक, स्वेच्छा और पारदर्शी तरीके से मतदान कर पाए, इसके लिए आयोग तैयार है. आरओ, प्रेक्षक से लेकर पूरी मशीनरी वहां पर काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि बिहार में होने वाले चुनाव न केवल पारदर्शिता के लिए बल्कि सक्षमता, सरलता और पर्व के रूप में मनाए जाने के लिए भारत और विश्व के लिए नजीर साबित होंगे. उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद आने वाले कुछ महीनों में सभी का विश्वास चुनाव और मुख्य चुनाव आयुक्त पर बढ़ेगा. इससे पहले आर्यनगर स्थित टीएसएच में माथुर वैश्य समाज के कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत करते हुए कानपुर और आईआईटी से जुड़ी अपनी यादों को ताजा किया.

