ABC News: कानपुर में डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं. महिलाओं ने सिपाही पर छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया. इस दौरान आपस में झड़प भी हुई. पीड़ित महिलाओं ने थाने पर भी उन पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है.

बताया जा रहा है कि नजीराबाद थानाक्षेत्र में डायल 112 में तैनात सिपाही पीआरवी समेत मौजूद था. पीड़ित महिला का कहना है कि वह यहां पर स्टांप लेने आयी थी. आरोप है कि इस दौरान आरोपी सिपाही ने गंदे कमेंट किये. इसके बाद जब वह जाने लगी तो न केवल उसका पीछा किया बल्कि अभद्र कमेंट भी किए. इसके थोड़ी बाद जब पीड़ित महिला अपनी मां और बहन को लेकर पहुंची तो सिपाही भागकर गोल चौराहे पर आ गया. यहां पर तीनों महिलाओं ने उसे पकड़ लिया तो सिपाही ने वर्दी पर लगी नेमप्लेट अपनी जेब में डाल ली. यहां पर हंगामे की जानकारी पाकर बाइक से सिपाही पहुंचे और काकादेव थाने चलने को कहा. महिलाओं का कहना है कि जब पहले थाने पहुंची जबकि काफी देर बाद आरोपी सिपाही को लेकर अन्य पुलिसकर्मी आए. उन्होंने काकादेव थाने में भी खुद पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप लगाए. वहीं, सिपाही का कहना है कि वह वहां पर टहल रहा था तभी अचानक यह लोग छीनाझपटी करने लगे. वहीं, एसीपी सुमित रामटेेके ने बताया कि आरोपी सिपाही ब्रजेश सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है. आरोपी सिपाही को सस्पेंड भी किया जा रहा है.

