ABC News: मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान के तहत कानपुर में चार नवंबर से चार दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाएंगे. इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग की वर्चुअल बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह भी शामिल हुए. आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अगुवाई में हुई वर्चुअल बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2026 से अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण किया जाएगा.

डीएम ने नगर के सभी पात्र नागरिकों, विशेष रूप से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है. बताया गया कि विशेष सघन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत एक जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी नागरिक पंजीकरण के पात्र होंगे. तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण का चरण 28 अक्तूबर, से तीन नवम्बर तक निर्धारित है. बीएलओ चार नवंबर से चार दिसंबर तक घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगे. मतदान केंद्रों का आवश्यक पुनर्गठन चार दिसम्बर तक पूर्ण किया जाएगा. प्रारूप मतदाता सूची नौ दिसम्बर को प्रकाशित होगी. दावे और आपत्तियाँ नौ दिसंबर से आठ जनवरी तक प्राप्त की जाएंगी और उनका निस्तारण नौ दिसम्बर से 31 जनवरी तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची सात फरवरी को प्रकाशित होगी. जिलाधिकारी ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोग द्वारा जारी आदेशों एवं परिशिष्टों का गहन अध्ययन कर निर्धारित समयरेखा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें. मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित हो, इस उद्देश्य से घर-घर सत्यापन, नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की सभी प्रविष्टियाँ अभिलेखीय प्रमाणों के आधार पर शुद्ध और पारदर्शी रूप से दर्ज की जाएं. ईआरओ कार्यालयों और निर्धारित सहायता केंद्रों पर आवश्यक सूचना-पुस्तिकाएँ, प्रपत्र तथा मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा-

