ABC News: कानपुर के शिवराजपुर में स्नान के दौरान डूबती बहन को बचाने के प्रयास में युवक गंगा में डूब गया. कई घंटे की तलाश के बाद भी गंगा में डूबे युवक का अभी तक पता नहीं लगा है.
बताया जा रहा है कि बिल्हौर के बक्खू पुरवा गांव निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी किशन पाल इस समय परिवार सहित दयानंद नगर कल्याणपुर में निवास करते हैं. दीपावली के बाद बुधवार को वह अपनी पत्नी, बेटा हर्ष और बेटी के साथ शिवराजपुर के खेरेश्वर सरैया घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे. गंगा में स्नान के दौरान किशन पाल की बेटी अचानक गहराई में फंसकर डूबने लगी. यह देखकर उसका बड़ा भाई हर्ष बिना कुछ सोचे-समझे बहन को बचाने के लिए नदी में कूद गया. दोनों को गहराई में जाते देख मां भी बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरीं, लेकिन वह भी लहरों के बीच फंस गईं.
घटना देखकर घाट पर मौजूद अन्य स्नानार्थियों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए गहराई में उतरकर मां और बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन तब तक हर्ष गंगा की लहरों में ओझल हो चुका था. युवक के डूबते ही घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलते ही शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने जाल डालकर तलाशी अभियान शुरू किया.

