ABC News: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ पर एक बार फिर हमला हुआ है. पिछल सिर्फ चार महीनों में यह तीसरी बार है, जब कपिल शर्मा के इस रेस्टोरेंट को निशाना बनाया गया है. इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले का क्रेडिट गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू ने सोशल मीडिया पर लिया है. ये दोनों ही माफिया सरगना लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का हिस्सा हैं.

बार-बार हो रहे इन हमलों ने कनाडा में स्थित कपिल शर्मा के इस कैफे की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि कपिल शर्मा ने इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. आपको बता दें कि कॉमेडियन कपिल शर्मा का कनाडा, ब्रिटिश कोलंबिया स्थित ‘कैप्स कैफे’ लगातार अपराधियों के निशाने पर बना हुआ है. इसी साल जुलाई और अगस्त में भी इस कैफे पर फायरिंग हुई थी, जिसके बाद हाल ही में यह तीसरी घटना सामने आई है. जुलाई में हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की थी, जिसकी जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाड्डी ने ली थी. वहीं अगस्त में हुई फायरिंग में कैफे की खिड़कियों पर छह गोली के निशान मिले थे. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लो ने सोशल मीडिया पर ली थी. वहीं इसके बाद फिर से कपिल के कैफे पर हमला हुआ है. जुलाई के हमले के बाद, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि कपिल शर्मा ने अपने शो में निहंग सिखों के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिससे नाराज होकर गोलीबारी की गई. हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह ने वीडियो जारी कर कपिल को माफी मांगने की चेतावनी भी दी थी. इसके साथ ही खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी कपिल शर्मा को कनाडा में कैफे खोलने पर धमकी दी थी. इन हमलों के बाद कपिल शर्मा ने मेयर और पुलिस का धन्यवाद करते हुए बताया था कि वह और उनका परिवार डरने वाला नहीं है. उन्होंने कहा था, “हम एकजुट होकर हिंसा के खिलाफ खड़े हैं और शांति व सुरक्षा के पक्ष में मजबूती से खड़े रहेंगे.”

