ABC News: घाटमपुर के रेउना में छ वर्षीय मासूम खेलते खेलते कुएं में गिर गई. परिजनो ने फोनकर घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची रेउना पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से 12 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद कुएं से मासूम को बाहर निकाला गया. इसके बाद मासूम को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित कर दिया.

रेउना थाना क्षेत्र के शाखा जनवारा गांव के रहने वाले भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी छ वर्षीय चचेरी बहन नायरा बुधवार देर शाम घर के बाहर खेलते खेलते अचानक कुएं में गिर गई. परिजनो ने काफी खोजबीन करने के बाद पुलिस को फोनकर घटना की सूचना दी. नायरा के पिता का कुछ साल पहले निधन हो चुका है. वह अपने चाचा-चाची और अन्य परिजनों के साथ संयुक्त परिवार में रह रही थी. परिजनों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे के आसपास नायरा घर से कुछ दूरी पर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई. परिजन उसे इधर-उधर खोजते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला. तलाश के दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक पुराने कुएं के पास उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं. इससे आशंका हुई कि वह कुएं में गिर गई है. घबराए परिजनों ने तुरंत रेउना पुलिस को सूचना दी.

जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अनुज राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. कुएं में गहराई अधिक थी और पानी भरा होने के कारण बच्ची का पता लगाना मुश्किल हो गया. पुलिस ने दो सबमर्सिबल मोटर लगवाकर कुएं से पानी निकलवाना शुरू किया. अंधेरे और तकनीकी बाधाओं के बावजूद करीब 12 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. गुरुवार सुबह बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया और घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मासूम की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है.

