ABC News: आम तौर पर सितंबर मध्य में वापस लौटने वाला मानूसन इस बार किसी तरह की राहत के मूड में नहीं दिख रहा है. वर्तमान में भीषण उमस और तेज धूप की वजह से बढ़े हीट इंडेक्स से राहत देने के लिए मानसून फिर वापस लौट कर आ रहा है.
हालांकि, मानसून वापसी के ऐलान ने कानपुर में होने वाले दशहरे के आयोजन और ग्रीनपार्क में होने वाले भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वन डे सीरीज पर संकट के बादल मंडराने शुरू कर दिए हैं. इसको लेकर मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि मानसून वापसी की जो रेखा होती है, वह अभी झांसी और शाहजहांपुर के पास मौजूद है. मौसम का पूर्वानुमान बताते हुए उन्होंने कहा कि 29 सितंबर की रात से या फिर 30 सितंबर से मौसम बदलेगा. वातावरण में एक लो प्रेशर का क्षेत्र बन रहा है, जिससे कानपुर मंडल समेत पूरे उत्तर भारत में तीन अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. मानसून वापसी की रेखा को मानसूनी हवाओं ने रोक रखा है. ऐसे में माना जा रहा है कि दशहरा में कानपुर समेत आसपास के क्षेत्र में झमाझम बारिश हो सकती है. मौसम विशेषज्ञों के इस पूर्वानुमान ने रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतला दहन कार्यक्रमों से लेकर ग्रीनपार्क में होने वाली भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज को लेकर भी संकट के बादल मंडराने शुरू कर दिए हैं.

