ABC News: कानपुर मेट्रो के पहले कॉरीडोर पर सेंट्रल स्टेशन से भी आगे तेजी से काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में रविवार को कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंडरग्राउंड सेक्शन में ‘अप-लाइन’ टनल का निर्माण पूरा कर लिया गया. इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अंडरग्राउंड स्टेशनों-झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए जाने का मार्ग खुल गया है.

मेट्रो अफसरों ने बतायसा कि ‘आजाद’ टनल बोरिंग मशीन ने रविवार को झकरकटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 950 मीटर लंबे ‘अप-लाइन’ टनल का निर्माण कार्य पूरा कर ब्रेकथ्रू हासिल किया. आगे चलकर इस टनल में ट्रैक बिछाने और सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य किया जाएगा. इसी सेक्शन में ‘विद्यार्थी‘ टीबीएम मशीन द्वारा ‘डाउनलाइन टनल‘ का कार्य भी अंतिम चरण में है. गौरतलब हो कि आजाद और विद्यार्थी टीबीएम मशीनों ने सबसे पहले कानपुर सेंट्रल से नयागंज के बीच लगभग 1.25 किमी लंबे टनल का निर्माण किया थ. इसके बाद इन्हें स्वदेशी कॉटन मिल के पास स्थित रैंप से लॉन्च कर ट्रांसपोर्ट नगर और झकरकटी होते हुए कानपुर सेंट्रल तक लगभग 2.40 किमी लंबे अंडरग्राउंड स्ट्रेच की टनलिंग के लिए प्रयोग किया गया. इस दौरान मशीनों को स्टेशनों के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाने के लिए ड्रैगिंग प्रणाली का प्रयोग किया गया.

