ABC News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें 10 नक्सलियों के ढेर होने की खबर है. इस मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी नक्सली सीसी मेंबर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण भी मारा गया है.
Chhattisgarh | 10 naxals, including CC member Manoj alias Modem Balkrishna, neutralised in exchange of fire between Security Forces and Naxals at Bhaludiigi hill, PS Mainpur, District Gariaband pic.twitter.com/BI0lGU077e
— ANI (@ANI) September 11, 2025
मोडेम की मौत सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. सूत्रों के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में शीर्ष नक्सली नेता बालकृष्ण की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद बुधवार को ऑपरेशन शुरू किया गया था. इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए सुरक्षाबलों ने बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर बुधवार को ऑपरेशन शुरू किया गया था, जिसमें मोडेम बालकृष्ण समेत 10 नक्सली मारे गए हैं, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ गरियाबंद के एक दूरस्थ क्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक समूह को घेर लिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में राज्य पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और कोबरा बटालियन की टीमें शामिल थीं. मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में से मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण ओडिशा स्टेट कमेटी (OSC) का एक वरिष्ठ सदस्य था, जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था.

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने ये भी बताया कि गरियाबंद में गुरुवार सुबह से नक्सल विरोधी अभियान जारी है. सुबह से ही मुठभेड़ चल रही है. रायपुर के पुलिस महानिरीक्षक ने मुठभेड़ की पुष्टि की है. वहीं छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 16 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया. इन नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया. नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि सभी 16 नक्सली निचले स्तर के कैडर थे और जनताना सरकार, चेतना नाट्य मंडली और माओवादियों की पंचायत मिलिशिया के सदस्यों सहित विभिन्न इकाइयों से जुड़े थे.
दंतेवाड़ा में 2 जवान घायल
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में गुरुवार (11 सितंबर) को नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे इंद्रावती नदी पर बने सातधार पुल के पास हुई, जब सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन का एक दल मालेवाही थाना क्षेत्र स्थित अपने शिविर से एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर निकला था.

