ABC News: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में यूपी टी 20 लीग का खिताब जीतने वाली काशी रुद्रास की टीम बुधवार को कानपुर आयी. यूपी टी 20 लीग की चमचमाती ट्रॉफी को लेकर टीम प्रबंधन सबसे पहले कमला टॉवर के बगल में स्थित द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचा. यहां पर उन्होंने भगवान द्वारिकाधीश के सामने ट्रॉफी रखते हुए प्रभू को नमन किया. इसके बाद सभी कमला टॉवर पहुंचे.
यहां पर टीम प्रबंधन ने बताया कि काशी रुद्रास ही ऐसी टीम है, जो अब तक आयोजित तीन सीजन में दो बार चैंपियन रह चुकी है. इस बार भी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में डॉमिनेट किया और न केवल वह लीग मैच में टेबल टॉप पर रही बल्कि खिताब पर भी कब्जा जमाया. टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले करण शर्मा को ऑरेंज कैप और बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले शिवम मावी को पर्पल कैप मिली. उन्होंने बताया कि इसके बाद वह लोग बनारस जाएंगे और काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर वहां पर दर्शन करेंगे. प्रबंधन ने बताया कि टीम के कप्तान करण शर्मा और ओपनर अभिषेक गोस्वामी ने टूर्नामेंट में अहम मौकों पर बेहतरीन पारियां खेलकर टीम प्रबंधन के भरोसे पर खरा उतरने का काम किया. करन शर्मा ने 12 मैचों में सर्वाधिक 519 रन बनाए जबकि अभिषेक गोस्वामी ने 10 मैचों में 252 रन जोड़कर अपनी उपयोगिता साबित की. अभिषेक गोस्वामी ने बताया कि यूपी टी-20 लीग खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का पर्याप्त अवसर देती है. उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह सत्र ठीक रहा,, टीम चैंपियन बनी,,, अब फोकस आगामी रणजी ट्रॉफी पर है.”

