ABC News: कानपुर में जारी उमस के बीच अब अगले तीन दिन राहत भरे हो सकते हैं. हालांकि, रविवार को भी कहीं कहीं पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई लेकिन उसने उमस के तेवरों को और बढ़ा दिया. इन सबके बीच मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिन कानपुर में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि दो सितंबर तक बारिश का यह दौर दिखाई देगा. रविवार रात को भी बारिश का अनुमान जाहिर किया गया है. उन्होंने बताया कि तीन सितंबर से मानसून थोड़ा कमजोर होगा लेकिन पांच सितंबर तक हल्की हल्की बारिश होती रहेगी. उन्होंने बताया कि अभी तक कानपुर में सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. एक जून से 30 अगस्त तक अनुमानित बारिश 588.01 मिलीमीटर होनी चाहिए थी जबकि अभी तक केलव 575 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है. इन सबके बीच रविवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

