ABC News: उत्तर प्रदेश सरकार अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ करेगी. इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की. सीएम योगी सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बोल रहे थे.

उन्होंने कहा कि शुभांशु प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री हैं. हमें उनकी उपलब्धियों पर गर्व है. इस अभियान से पूरी दुनिया ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की ताकत देखी है. इस अनुभव का हमें भविष्य में भी लाभ मिलता रहेगा. प्रदेश सरकार शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति की योजना शुरू करेगी जिसका लाभ हमारी युवा पीढ़ी को मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चार दशक बाद भारत को अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिला. हर भारतवासी शुभांशु की यात्रा को विश्वास के साथ देख रहा था. उन्होंने कहा कि शुभांशु के पिता सचिवालय प्रशासन के कर्मचारी रहे हैं. उनके संस्कारों के कारण ही भारत का सम्मान बढ़ा है. यह हमारे लिए गर्व की बात है. अंतरिक्ष यात्रा के दौरान 18 दिनों में शुभांशु ने 300 से भी अधिक बार पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की है. ऐसे बहुत सारे लोग लखनऊ में रहते हैं जो कि अपने पूरे जीवन में पूरा लखनऊ भी नहीं घूम पाते हैं. शुभांशु ने पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की. यह अद्भुत है. सीएम योगी ने कहा कि ये हमारे देश के लिए आज की ही सफलता नहीं है बल्कि उस विरासत का हिस्सा है जो कि हमारे जीन्स में पहले से ही मौजूद है. ये हमारे देश की अविश्वविसनीय प्रतिभा का प्रदर्शन है. शुभांशु का अनुभव हमारे देश के अंतरिक्ष के क्षेत्र से जुड़े अन्य मिशन में मदद करने वाला साबित होगा. उनके अनुभवों से हमारी नई पीढ़ी सीखेगी.

