ABC News: आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट्स एसोसिएशन का रविवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. गोविंदनगर स्थित सिंधी धर्मशाला में आयोजित समारोह में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अमिताभ बाजपेयी, महेश त्रिवेदी समेत राजनीतिक दलों और व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए.
यहां पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने एसोसिएशन अध्यक्ष नवीन तुलस्यानी, महामंत्री विवेक कुमार मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई. इस दौरान आयरन एंड हार्डवेयर एसोसिएशन के इतिहास को भी व्यापारी नेताओं ने यहां पर बताया. इस दौरान इस्पातनगर की समस्याओं को सुधारने, व्यापारी उत्पीड़न न होने और कुली बाजार में शुद्ध पेयजल और जाम की समस्या का निवारण कराने की बात भी विधायकों ने कहीं. व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्र ने जीएसटी की धारा 129 सहित कई नियमों को सरल किए जाने पर बल दिया. एसोसिएशन अध्यक्ष नवीन तुलसानी ने कहा कि संगठन को 50 वर्ष हो चुके हैं.
आयरन और हार्डवेयर व्यापारियों के सामने तमाम समस्याएं आ रही हैं. जिनका निराकरण अब प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. इसको लेकर जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा. इस दौरान एसोसिएशन महामंत्री ने कहा कि इस्पातनगर में संगठन का भवन बनकर तैयार हो चुका है. उन्होंने सांसद से मांग करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्टनगर को जल्द से जल्द स्थानांतरित कराया जाए, जिससे इस्पातनगर की समस्याओं के निराकरण के साथ ही वहां पर व्यापारिक गतिविधियां भी शुरू हो सकें.

