ABC News: मोतीझील की तर्ज पर डेवलप होने जा रहे झकरकटी तालाब का गुरूवार को नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया. अमृत सरोवर योजना के तहत होने वाले झकरकटी तालाब के विकास को लेकर नगर आयुक्त् ने यहां पर नगर निगम अफसरों के साथ ले आउट प्लान पर चर्चा भी की.

नगर आयुक्त ने बताया कि सात करोड़ की लागत से इस योजना को विकसित किया जाएगा. यहां पर ट्रैक बनाने के अलावा झूले, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिससे यहां पर आने वाले लोग खुशनुमा पल बिता सकें. उन्होंने बताया कि जल्द ही झकरकटी तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाएगा. नगर आयुक्त ने बताया कि यहां पर 465 मीटर लंबा पाथवे मॉर्निंग वॉक एवं फिटनेस गतिविधियों हेतु विकसित किया जा रहा है.

यहां पर बैठने के लिए आरामदायक बेंच, शाम के समय वॉक हेतु पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा पेयजल सुविधा, स्वच्छ शौचालय, आधुनिक चिल्ड्रन्स पार्क तथा ओपन जिम का निर्माण कार्य किया जा रहा है. नगर आयुक्त ने यहां पर लाइट शो और फव्वारा स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी. इसके अलावा यहां पर 150 वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था होगी.

ऐसी मिलेंगी सुविधाएं
युवाओं के लिए: ओपन जिम, वॉक/रनिंग पाथवे, फिटनेस एवं आउटडोर गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान.
बच्चों के लिए: आधुनिक चिल्ड्रन्स पार्क, सुरक्षित एवं आकर्षक खेल उपकरण, हरित वातावरण.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए: विश्राम हेतु बेंच, शांत वातावरण, सुरक्षित एवं स्वच्छ वॉक पाथ, लाइटिंग एवं पेयजल सुविधा.

