ABC News: रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मु्फ्त यात्रा की सौगात पर बस अड्डों में ऐसी भीड़ उमड़ी कि तकरीबन हर बस यात्रियों की भीड़ से खचाखच भरी हुई नजर आयी. सुबह के समय तो झकरकटी बस अड्डे पर सबसे ज्यादा हौचपौच की स्थिति देखी गई.
यहां पर महिलाओं के साथ आए सहयात्रियों की इतनी भीड़ उमड़ी कि उन्हें अपने गंतव्य तक जाने के लिए सही से बसों की जानकारी तक नहीं मिल पायी. यात्रियों की भीड़ से लेकर बसों के जमावड़े को लेकर झकरकटी बस अड्डे के पास जाम तक लगा रहा. हालत यह थी कि जो भी बस बाहर निकलती, उस रूट पर जाने वाले यात्री उसमें ठसाठस भरे हुए नजर आए. बसों का यह हाल देखकर कई सवारियां तो ऐसी रहीं कि घंटों तक उस रूट पर जाने वाली अन्य बसों का इंतजार करती हुई नजर आयीं.
सबसे ज्यादा उन महिलाओं के सामने परेशानी आयी, जो अपने अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ सफर कर रही थीं. ऐसे में दूसरी बस पकड़ने के लिए उन्हें घंटो इंतजार करना पड़ा. महिलाओं का कहना था कि मुफ्त सफर होने की वजह से इस बार काफी ज्यादा भीड़ दिखाई दे रही है.

