ABC News: पहाड़ों पर हो रही बारिश से कानपुर में एक बार फिर गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है. बिठूर में जहां ब्रह्माखूूंटी गंगा में डूब गई है. वहीं, गंगा बैराज के आसपास भी जलस्तर में तेजी से बढ़त देखी जा रही है. इसके अलावा गुरूवार को हरिद्वार बैराज से 3.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जोकि अगले 48 से 72 घंटे में कानपुर में पहुंच जाएगा. सिंचाई विभाग के अफसरों का अनुमान है इस दौरान गंगा चेतावनी बिंदु पार सकती है. इसको लेकर गंगा के तटवर्ती इलाकों में बसे लोगों को सुरक्षित स्थान में जाने को कहा गया है.

गौरतलब हो कि गुरूवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम में जलस्तर 112.950 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 112.740 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया. वहीं, शुक्लागंज की तरफ यही जलस्तर 111.420 मीटर पर दर्ज किया गया. लगातार छोड़े जा रहे पानी की वजह से गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज डेढ़ मीटर नीचे रह गया है. वहीं, गुरूवार को हरिद्वार से दो लाख 26 हजार 932 क्यूसेक और नरोरा से एक लाख 50 हजार 798 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि गंगा बैराज से इस सीजन का सर्वाधिक दो लाख 29 हजार 412 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इसकी वजह से शुक्लागंज, जाजमऊ और महाराजपुर के आगे काफी असर दिखना शुरू हो गया है. लगातार आ रहे पानी को देखते हुए तहसील से जुड़े अफसर भी जलस्तर पर निगाह रख रहे हैं. बैराज निर्माण खंड 2 के अधिशाषी अभियंता का कहना है कि लोधवाखेड़ा, शिवदीनपुरवा, लक्ष्मणपुरवा, बनियापुरवा, नई बस्ती, डल्लापुरवा, चैनपुरवा, भगवानदीनपुरवा, धारमखेड़ा, देवनीपुरवा, मंगलपुरवा बड़ा और मंगलपुरवा छोटा, पहाड़ीपुर, कटरी शंकरपुर सराय, ग्राम गंगा बैराज नई बस्ती, नत्थापुरवा, रामा निहालपुरवा, मेघनपुरवा, कल्लपुरवा और कच्ची मड़ैया में अलर्ट भेजा गया और उन्हें अगले 72 घंटे में सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है.

