ABC News: सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार को भी कानपुर में दोपहर में बादलों ने जमकर बरसात की. दोपहर में तेज हवाओं के साथ आयी झमाझम बारिश ने एक बार फिर शहर में राहगीरों को जलभराव की समस्या से रूबरू कराया.
बारिश की वजह से गोविंदनगर, चावला मार्केट, साकेतनगर, किदवईनगर, फजलगंज समेत अन्य इलाकों में जलभराव हो गया, जिसके चलते राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. गौरतलब हो कि मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अनुमान जाहिर किया था. जिसकी वजह से डीएम ने सभी स्कूलों केा बंद करने के निर्देश भी दिए थे. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कल भी बारिश का अनुमान है. इसके बाद मौसम साफ रहेगा. तीन दिन बाद फिर मानसून की ट्रफ लाइन नीचे आएगी, जिससे फिर से बारिश का दौर शुरू होगा.
63 मिमी. बरसा पानी
सीएसए के मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों में मंगलवार को 63 मिमी. बारिश रिकॉर्ड हुई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कानपुर एयर फोर्स स्टेशन में 55 मिमी. नौबस्ता में 53.7, बर्रा में 63 और सिविल लाइंस में 54.7 मिमी. बारिश हुई.

